ग्वालियर.एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में सोमवार को अंचल में हुई हिंसा के बाद मंगलवार को जनजीवन तनाव में रहा। हालात से निपटने के लिए ग्वालियर, भिंड आैर मुरैना में पुलिस ने सड़कों पर फ्लैग मार्च निकाला। इससे छिटपुट घटनाआें को छोड़कर स्थित सामान्य रही। हालांकि भिंड के मछंड में घायल दशरथ जाटव ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। इससे अंचल में हिंसा से मरने वालों की संख्या 8 हो गई। 31 घंटे बाद मंगलवार रात 8 बजे से इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है।
उधर गोहद में उपद्रवकारियों ने मंत्री लाल सिंह आर्य के बंगले पर पथराव कर दिया। इसके बावजूद प्रशासन ने बुधवार को कर्फ्यू में दो घंटे की ढील देने का फैसला लिया गया है। ग्वालियर में महाराजपुरा आैर कंपू थाना क्षेत्र में केआरएच व जेएएच अस्पताल परिसर से कर्फ्यू हटा लिया गया है। जबकि मुरार, गोला का मंदिर, थाटीपुर थाना क्षेत्र में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आैर डबरा शहर व ग्रामीण में सुबह 8 से 10 बजे तक ढील दी जाएगी।
कई अफवाहें हवा में तैरती रहीं
उपद्रव के बाद मंगलवार को दहशत का माहौल रहा। गोला का मंदिर, थाटीपुर, मुरार में कई अफवाहें हवा में तैरती रहीं। महाराजपुरा क्षेत्र पूरी तरह से शांत रहा। संवेदनशील इलाकों में तैनात पुलिस ने लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। हालांकि दोपहर बाद पुलिस आराम की स्थिति में आई तो लोग घरों से निकलकर गलियाें तक पहुंच गए। 31 घंटे बाद रात करीब 8 बजे इंटरनेट सेवा बहाल हो गई। लेकिन मुरार, थाटीपुर व गोला का मंदिर क्षेत्र में कर्फ्यू जारी रहेगा। बुधवार को 2 घंटे कर्फ्यू में ढील दी जाएगी।
उपद्रवियों पर 30 एफआईआर पुलिस ने 65 को किया गिरफ्तार
मंगलवार रात तक उपद्रवियों के खिलाफ 30 एफआईआर दर्ज की गईं। इनमें 22 शहर में और 8 देहात में दर्ज की गईंं। मंगलवार को भी शहर में उपद्रवियों द्वारा की गई तोड़फोड़ की शिकायतें थानों में पहुंचती रहीं। 65 उपद्रवियों की गिरफ्तारी की गई है। कलेक्टर राहुल जैन और एसपी डॉ. आशीष ने यह जानकारी दी।
कर्फ्यू वाले क्षेत्रों में बैंक बंद, एटीएम में 2 दिन से नहीं भरा कैश
सरकारी और निजी क्षेत्र के अधिकांश बैंक मंगलवार को बंद रहे। कुछ बैंक खुले भी तो उनके शटर आधे डले रहे। वहीं कैश एजेंसी सीएमएस के खजांची धर्मेंद्र भदौरिया ने बताया कि बैंकों की चेस्ट बंद रहने से एटीएम में कैश भरने वाली एजेंसियों को तीन दिन से कैश नहीं मिला। फलस्वरूप शहर के एटीएम खाली होने लगे हैं। बुधवार को बैंकों का खुलना या बंद रहना शहर की स्थिति पर निर्भर करेगा।
इंटरनेट बंद होने से दूसरे दिन भी जनरेट नहीं हो सके ई-वे बिल
इंटरनेट सेवा ठप रहने से एक राज्य से दूसरे राज्य में सामान ले जाने के लिए ई-वे बिल जनरेट करने का काम मंगलवार को दूसरे दिन भी नहीं हो सका। इससे ट्रांसपोर्टरों के यहां माल से भरे ट्रक खड़े रहे। इंटरनेट सेवा रात आठ बजे बहाल होने से अब बुधवार को ई-वे बिल जनरेट करने का काम शुरू होगा।
महाराजपुरा, कंपू के जेएएच परिसर से कर्फ्यू हटाया
मंगलवार को महाराजपुरा और कंपू के जेएएच परिसर के दायरे से कर्फ्यू हटा लिया गया है। डबरा व देहात में भी कर्फ्यू जारी रहेगा, सुबह 8 से 10 बजे तक इसमें ढील दी जाएगी। इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गईं हैं लेकिन दुरुपयोग होने पर फिर बंद किया जा सकता है। स्कूल, कॉलेज और काेचिंग संस्थान बुधवार को भी बंद रहेंगे।
सुबह से शाम तक 4 बार फ्लैग मार्च, आज भी होगा
कर्फ्यू वाले क्षेत्रों में मंगलवार को 4 बार फ्लैग मार्च निकाला गया। सबसे पहले सुबह करीब 8 बजे यह मार्च निकला। फ्लैग मार्च में आरएएफ, एसटीएफ, एसएएफ बल के साथ अधिकारी शामिल थे। इस दौरान बल ने लोगों को मैसेज दिया कि सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद है। यह फ्लैग मार्च कर्फ्यू वाले क्षेत्रों में बुधवार को भी निकाला जाएगा।
साइबर क्राइम की टीम रखेगी सोशल मीडिया पर नजर
जिले में इंटरनेट को रात 8 बजे से शुरू कर दिया गया है। लेकिन इसके साथ ही साइबर क्राइम की एक्सपर्ट टीम को भी नजर रखे हुए है। सोशल मीडिया पर अफवाहें और वैमनस्यता के संदेश फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी और इंटरनेट का दुरुपयोग किए जाने पर इसे दोबारा बंद कर दिया जाएगा।
सुरक्षा: दीक्षांत परेड के बाद ही ड्यूटी पर रवाना
- भोपाल पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे 110 डीएसपी और 550 सब इंस्पेक्टर की दीक्षांत परेड थी, ग्वालियर में उपद्रव हुआ तो इन्हें शाम को ही डयूटी पर रवाना कर दिया गया।
- 80 पॉइंट पर एक-एक प्रशिक्षु डीएसपी, 2-2 प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर और 5-5 पुलिसकर्मी तैनात थे।
- 30 पॉइंट पर 3-3 पुलिसकर्मी तैनात थे। हर थाना क्षेत्र में 3-3 मोबाइल वैन गश्त कर रही थीं।
- सागर से आए 350 नवआरक्षक और रेपिड फोर्स के 800 जवान सुरक्षा में तैनात रहे।
7 को सीएम का कार्यक्रम निरस्त
सोमवार को हुई हिंसा के कारण 7 अप्रैल को ग्वालियर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है। फूलबाग चौराहे पर होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अवैध कॉलोनियों को वैध करने की शुरूआत करने वाले थे। कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम की अगली तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।
भोपाल। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा कि सिल्क टूरिज्म के विकास से रेशम का व्यापक प्रचार प्रसार होगा और लोग रेशम का उपयोग करने के लिए प्रेरित होंगे। रेशम को बढ़ावा देकर आम लोगों में रेशम के वस्त्रों के प्रति रुझान बढ़ाया जाएगा। पर्यटन स्थलों पर आने वाले टूरिस्ट को भी रेशम वस्त्र की जानकारी दी जाएगी। उन्हें रेशम के वस्त्र खरीदने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश की लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का "विशेष उपहार" दिए जाने पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने प्रदेश की जनता की ओर से उनके प्रति हार्दिक धन्यवाद व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया है। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए किया जा रहे प्रयासों को मजबूती मिलेगी और महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त होंगी।
भोपाल। मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम्, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) में 6 हजार 36 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्य आने वाले समय में किए जाएंगे। इससे विद्युत वितरण व्यवस्था की तस्वीर बदल जाएगी। जहॉं एक ओर उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिलेगी वहीं विद्युत वितरण प्रणाली मजबूत होगी। ब्रेकडाउन कम होंगे और प्रणाली की क्षमता वृद्धि से उपभोक्ताओं को सीधे फायदा मिलेगा।
भोपाल। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी का वर्ष 2023-24 का बजट मंगलवार को संचालक मंडल की बैठक में प्रस्तुत किया गया। आगामी वित्तीय वर्ष के कुल 18 हजार 551 करोड़ रूपये के बजट की मंजूरी दी गई है।
भोपाल। आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामकिशोर ‘नानो’ कावरे ने कहा है कि संत रविदास जयंती 5 फरवरी से शुरू होने वाली विकास यात्रा का उद्देश्य जन-कल्याण, स्वराज के लक्ष्य को प्राप्त करना है। साथ ही विकास यात्रा के माध्यम से सरकारी योजना से छूटे हितग्राहियों को लाभान्वित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों से अपने विभाग से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी अपडेट करने के लिये भी कहा। राज्य मंत्री एवं उमरिया जिले के प्रभारी मंत्री कावरे आज जिला अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले के ग्राम जैत में नर्मदा नदी के किनारे 4 करोड़ 88 लाख रूपये की लागत से बन रहे नर्मदा घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर चल रहे निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इन्दौर में 29 अक्टूबर को होने जा रहे प्रदेश के 73 सीएम राइज स्कूलों के भूमि-पूजन कार्यक्रम का आयोजन बेहतर रूप में हो। मुख्यमंत्री श्री चौहान निवास पर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरूण शमी सहित अधिकारी मौजूद थे।
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आगामी 15 नवम्बर को बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। प्रदेश की सभी पंचायतों में यह कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान निवास कार्यालय पर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
भोपाल। दमोह जिले के दमोह देहात थाना के ग्राम देवरान में मंगलवार की सुबह गोली चलने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु होने की खबर मिलते ही जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई कर मुख्य आरोपी जगदीश पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की बारीकी से जाँच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
भोपाल। आयुर्वेद हमारे देश की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है वर्तमान समय में इसे और लोकप्रिय बनाने की जरूरत है। आयुर्वेद ऐसी चिकित्सा पद्धति है जिसमें मानव शरीर पर कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है। आयुर्वेद में उपयोग होने वाली दवाएँ हमारे आस-पास ही मौजूद होती हैं। आयुर्वेद और योग को अपना कर हम अपने जीवन को स्वस्थ एवं सुखी बना सकते हैं।